
अम्बाला डेस्क: उत्तराखंड सरकार ने रुद्रप्रयाग जनपद के ओम प्रकाश भट्ट को प्रवासी उत्तराखंड परिषद का उपाध्यक्ष नामित किया है। इस जिम्मेदारी को राज्यमंत्री स्तर का दायित्व बताया गया है। मंत्रिपरिषद अनुभाग की ओर से 24 जुलाई को जारी कार्यालय के अनुसार, उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। शासन द्वारा उन्हें निर्धारित सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जबकि कर्तव्य, अधिकार और सेवा अवधि से संबंधित आदेश प्रशासनिक विभाग अलग से जारी करेगा।
ओम प्रकाश भट्ट ग्राम मणिगुह, पोस्ट भटवाड़ी, विकासखंड अगस्त्यमुनि, तहसील एवं जिला रुद्रप्रयाग के निवासी हैं। वह लंबे समय से हरियाणा में शिक्षा, समाजसेवा और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। प्रवासी उत्तराखंडियों को एकजुट करने, उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने तथा उत्तराखंड की संस्कृति और पहचान को मजबूत करने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
नियुक्ति के बाद भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह प्रवासी उत्तराखंडियों और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाने, रोजगार व निवेश के अवसर बढ़ाने और शिक्षा, सामाजिक सहयोग तथा सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। समर्थकों ने इसे केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र और प्रवासी समाज के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया है।


सहयोग करें